रायपुर। राजधानी रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू कर दी गई है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रह चुके डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनके अधीन एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के कई अधिकारियों की तैनाती भी की गई है, जिन्होंने पदभार संभालते ही कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
इस बीच पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत थाना क्षेत्रों को लेकर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। उन्होंने आयुक्त प्रणाली लागू होने से पहले जारी किए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादला आदेशों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों के वे सभी स्थानांतरण आदेश, जो कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से पूर्व जारी किए गए थे, स्थगित कर दिए गए हैं। साथ ही नवीन पदस्थापना के लिए जिनकी रवानगी शेष थी, उन्हें भी फिलहाल रवानगी नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त के इस फैसले को नई व्यवस्था के सुचारु क्रियान्वयन और प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।