रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू, आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस आयुक्त



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हो गई। इसके साथ ही आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला ने रायपुर के पहले पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। जीई रोड स्थित नवनिर्मित कमिश्नर कार्यालय में उन्होंने ज्वाइनिंग दी। इस अवसर पर सभी एसीपी, डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. संजीव शुक्ला का जन्म 8 जनवरी 1967 को हुआ। वे वर्ष 2004 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। वर्ष 1990 में उनका चयन मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुआ था। उन्होंने रायपुर के दुर्गा कॉलेज से एमकॉम की पढ़ाई की और छात्र जीवन में राजनीति में सक्रिय रहे। प्रारंभ में उनका चयन राज्य पुलिस सेवा में हुआ, बाद में पदोन्नति के जरिए वे भारतीय पुलिस सेवा में आए।

अपने सेवाकाल के दौरान डॉ. शुक्ला दुर्ग जिले में लगभग सात वर्षों तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ रहे। इसके बाद उन्होंने दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली को सख्त और अपराध नियंत्रण में प्रभावी माना गया।

दुर्ग के बाद उन्हें बिलासपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे सीआईडी में भी प्रमुख पदों पर कार्य कर चुके हैं।

उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए डॉ. संजीव शुक्ला को राष्ट्रपति पुलिस पदक से दो बार सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2010 और वर्ष 2022 में अलग-अलग श्रेणियों में प्रदान किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *