लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत और पंडवानी के सुर से गूंजा मिनी स्टेडियम
कोरिया, 20 फरवरी 2026/ जिले में आयोजित तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का गुरुवार शाम भव्य एवं उल्लासपूर्ण समापन हुआ। लोक संस्कृति, परंपरा और आधुनिक प्रस्तुतियों के संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शासकीय रामानुज आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल के मिनी स्टेडियम में 17 फरवरी को किया था।
बुधवार को बैकुंठपुर के विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने पंथी, सुवा, शैला, कथक एवं ओड़िसी नृत्य सहित सैक्सोफोन वादन, भरथरी एवं फ्यूजन गायन की बुधवार को प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया था।

गुरुवार को समापन दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सबसे पहले स्थानीय लोक कला दल ने कर्मा नृत्य की प्रस्तुति देकर माहौल को लोक रंग में रंग दिया। सियाधेश म्यूजिक और बैकुंठपुर बॉलीवुड मिक्स की धुनों पर युवा दर्शक देर तक झूमते रहे।
रायपुर से पहुंचीं सुश्री ईशिका गिरी ने शास्त्रीय गायन एवं कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। बिलासपुर की नृत्यधारा डांस एकेडमी ने नृत्य-नाटिका के माध्यम से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। बनारस से आए डॉ. राकेश ने बांसुरी वादन से मधुर सुरों की छटा बिखेरी।
निनवा की सुश्री दुर्गा साहू एवं उनके दल ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायन से लोक परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

महोत्सव स्थल पर कोरिया मिलेट्स कैफे, जंगल कैफे एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर दर्शकों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं जिलेवासी उपस्थित रहे।
कोरिया महोत्सव ने न केवल लोक कला और संस्कृति को मंच प्रदान किया, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त संदेश भी दिया।