चिरमी केंद्र में हड़बड़ाए कर्मचारी, टीकाकरण की धीमी रफ्तार पर फटकार, सभी पशु औषधालयों के निरीक्षण के निर्देश
कोरिया, 25 मार्च, 2026/ जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने बुधवार को चिरमी स्थित पशु औषधालय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से केंद्र के कर्मचारी हड़बड़ाते नजर आए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रजिस्टर पंजी, दवा वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
कलेक्टर ने पंजी रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पशुओं के टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। टीकाकरण कार्य में सुस्ती पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पशुधन विकास विभाग के उप संचालक को निर्देशित किया कि जिले के सभी पशु औषधालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने दवाइयों की उपलब्धता के साथ-साथ उनकी एक्सपायरी डेट की भी जांच की और आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पशु कल्याण समिति तथा गौधाम समिति के कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निराश्रित एवं घुमंतू गौवंश के संरक्षण, वैज्ञानिक पद्धति से नस्ल सुधार, चारा विकास व अन्य उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयासों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने उपस्थित कर्मियों से यह भी जानकारी ली कि पशु स्वास्थ्य, प्रजनन, पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, नस्ल सुधार (कृत्रिम गर्भाधान), पशु चिकित्सा उपचार, चारा विकास, कुक्कुट पालन और बकरी पालन जैसी योजनाओं की जानकारी कितने हितग्राहियों तक पहुंचाई गई है।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने जिला पशुपालन विभाग की उप संचालक डॉ. विभा बघेल को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशानुसार कार्य करते हुए पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और पशुधन आधारित आय में वृद्धि हो।