कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा

अपूर्ण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

कोरिया, 28 जनवरी 2026/ कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष चन्दन त्रिपाठी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में एकल एवं समूह नल-जल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि वे गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें तथा पानी टंकी, नल कनेक्शन सहित सभी अधोसंरचना कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, क्रेडा एवं ठेकेदारों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके ग्रामों एवं बसाहटों की विशेष समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक कुल 315 योजनाएं भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी हैं, जिनमें से 148 योजनाएं हस्तांतरण की स्थिति में हैं। इनमें से 97 योजनाओं का हस्तांतरण पूर्ण किया जा चुका है।

कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने कहा कि जल जीवन मिशन राज्य एवं केन्द्र सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूर्ण करना आवश्यक है। इस योजना के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सम्बंधित विभागों के अधिकारी, ठेकेदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *