सरगुजा में शीतलहर का कहर : 10 जनवरी तक पहली से पांचवीं तक स्कूल बंद, अन्य कक्षाओं के समय में भी हुआ बदलाव

अम्बिकापुर (हिंगोरा सिंह)। सरगुजा जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर अजीत वसंत और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, जिले के स्कूलों के संचालन समय में आंशिक संशोधन किया गया है, जबकि प्राथमिक स्तर के बच्चों के लिए विशेष राहत दी गई है।

कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी
जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड को देखते हुए कक्षा 1 से लेकर 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी 2026 तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि, इस अवधि में स्कूल का समस्त शैक्षणिक और अन्य स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहेगा।

स्कूलों के समय में आंशिक संशोधन (10 जनवरी तक प्रभावी)
पूर्व में जारी आदेश (31 जनवरी तक प्रभावी) में मौसम की स्थिति को देखते हुए आंशिक संशोधन किया गया है। 10 जनवरी तक लागू नई समय सारिणी निम्नानुसार रहेगी:

दो पालियों में संचालित विद्यालय:

प्रथम पाली (सोमवार से शुक्रवार): प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।

प्रथम पाली (शनिवार): दोपहर 12:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक।

द्वितीय पाली (सोमवार से शुक्रवार): दोपहर 12:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक।

द्वितीय पाली (शनिवार): प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।

एक पाली में संचालित विद्यालय:

सोमवार से शुक्रवार: प्रातः 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक।

शनिवार: प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।

निजी और सरकारी सभी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
यह आदेश सरगुजा जिले के भीतर संचालित सभी शासकीय, अशासकीय (निजी), और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। 10 जनवरी के पश्चात विद्यालय पुनः पूर्व में जारी आदेश (जो 31 जनवरी 2026 तक के लिए है) के अनुसार संचालित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने शिक्षकों और कर्मचारियों को भी ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *