रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड ने अधिकांश जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। बीते कुछ दिनों से अधिकतर क्षेत्रों में सुबह और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर शीतलहर की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
अम्बिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव में 8.5 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 10.2 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 13.2 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रा रोड में 10.4 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 14.3 डिग्री सेल्सियस और रायपुर माना एयरपोर्ट में 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड में बढ़ोतरी हुई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिन जिलों में शीतलहर की संभावना व्यक्त की गई है, उनमें रायपुर, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।