रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य हिस्से में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनने और उत्तरी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान प्रदेश के 6 जिलों में शीतलहर जबकि 7 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में भी एक-दो स्थानों पर कोहरे की स्थिति बन सकती है। अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद आगामी तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान माना सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो आज सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।