रायपुर। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। 48 घंटे बाद तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मैनपाट में पारा 4 डिग्री से नीचे चला गया और ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगीं। पेंड्रा में 7 डिग्री, दुर्ग में 9-11 डिग्री तथा रायपुर में 12-13 डिग्री तापमान रहा। अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर नगर निगम ने ठिठुरती ठंड को देखते हुए शहर के 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। मेयर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर सभी जोन कमिश्नरों व स्वास्थ्य अधिकारियों को रात में फील्ड में रहकर अलाव की निगरानी करने को कहा गया है।