रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रभाव लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की जानकारी दी है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट होने तथा उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने का अनुमान जताया गया है।
बीते दिन दुर्ग जिले के एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। दिन में हल्के बादल छाए रहे तथा शाम को ठंडक महसूस की गई। हवा की औसत गति 2 किमी प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर को रायपुर में कुहासा छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है तथा कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई। अगले एक-दो दिनों तक भी सूखा मौसम रहने का अनुमान है। विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।