रायपुर। सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन बुधवार को जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वृद्धजनों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से पूरे राज्य में ‘सियान गुड़ी’ स्थापित की जाएगी। ये केंद्र उन वृद्धजनों के लिए होंगे, जिन्हें घर में समुचित देखभाल या सुविधाएं नहीं मिल पातीं। यहां उन्हें आवास, भोजन और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश के चार बड़े शहरों में PPE मॉडल पर वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे। इसके साथ ही रायपुर में एक विशेष सर्विस एवं रिपेयर सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस सेंटर में वृद्धजनों को सरकार द्वारा दिए गए उपकरण—जैसे फोन, व्हीलचेयर और अन्य सहायक साधनों—की मरम्मत और रखरखाव की सुविधा मिलेगी। अब तक ऐसी स्थिति में उन्हें जगह-जगह भटकना पड़ता था, लेकिन इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि वरिष्ठ नागरिक गरिमामय जीवन जी सकें और उन्हें आवश्यक सहयोग व सम्मान मिल सके।