रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर शासन की दो साल की प्रमुख उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सरकार समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

गरीबों को आवास और किसानों को लाभ
सीएम साय ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार में 18 लाख गरीब परिवार आवास से वंचित रह गए थे। सरकार बनते ही गरीबों के लिए पीएम आवास की पहली किस्त जारी की गई और निर्माण कार्य आरंभ हुआ।
किसानों को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद जारी है। साथ ही, दो साल का बकाया बोनस जारी करते हुए 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए दिए गए।
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 22 किश्तें जारी की जा चुकी हैं।
वन उत्पाद—तेंदूपत्ता दर बढ़ाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ते का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5000 रुपए किया गया है।
“चरण पादुका योजना” दोबारा शुरू की गई है, जिससे वनोपज संग्राहकों को संरक्षण मिलेगा।
प्रदेश के 73 लाख गरीब परिवारों को राशन दिया जा रहा है।
भूमिहीन कृषि मजदूरों की संख्या 5.62 लाख से अधिक है, जिन्हें प्रतिवर्ष 10,000 रुपए सहायता दी जा रही है।
PSC में सुधार, घोटाले पर कार्रवाई
PSC घोटाले का मुद्दा उठाते हुए सीएम साय ने कहा कि पिछली सरकार में पवित्र संस्था को भ्रष्ट किया गया था। दोषियों पर कार्रवाई जारी है, जिससे PSC के प्रति जनता का भरोसा वापस लौटा है।
“PSC में चयनित कई छात्र आज मुझसे मिलने आ रहे हैं,” उन्होंने बताया।
नक्सलवाद—सख्त नीति, सरेंडर करने वालों को पूरा इनाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से राज्य में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है।
नई पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को जमीन के साथ उन पर घोषित पूरा इनाम प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बस्तर में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है और कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत है।
तीर्थ दर्शन—5 लाख से ज़्यादा बुजुर्ग लाभान्वित
स्य साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 5 लाख से अधिक बुजुर्ग अयोध्या दर्शन कर चुके हैं।
राजिम कुंभ को भी बड़े पैमाने पर भव्यता प्रदान की गई है।
नया उद्योग नीति—8 लाख करोड़ का निवेश, हजारों को रोजगार
सीएम साय के अनुसार नई उद्योग नीति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है।
अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
सरकार 10–12 हजार लोगों को रोजगार दे चुकी है, और विभिन्न विभागों में नई भर्तियों की तैयारी जारी है।
रायपुर में एयर कार्गो सेवा शुरू की गई है और मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आए।
वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी
प्रेसवार्ता में डिप्टी सीएम अरुण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई वरिष्ठ मंत्री उपस्थित रहे।