रमेश गुप्ता : भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को संक्षिप्त दौरे पर दुर्ग पहुंचे। इस दौरान वे पिछड़ा प्राधिकरण की बैठक भी शामिल हुए। प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। बैठक क बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान सीएम साय ने एक बार फिर कहा कि 31 मार्च तक नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुसार हमारे सुरक्षाबल अपने कार्य को अंजाम दे रहे हैं।
धान खरीदी को लेकर एक सवाल के जवाब सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्थित रूप से हुई है। सरकार ने पूरे ढाई महीने तक धान खरीदी की। इसके बाद समीक्षा की गई तो पाया गया कि अब भी कई किसान धान नहीं बेच पाए हैं। इनकी संख्या काफी कम थी इसलिए धान खरीदी को दो दिन के लिए बढ़ाया गया। सीएम साय ने कहा कि हमें विश्वास है अतिरिक्त दिनों में धान खरीदी पूरी हो जाएगी।
सीएम साय ने कहा कि दुर्ग में पिछड़ा प्राधिकरण की बैठक में कई अहम सुझाव मिले। इस दौरान प्राधिकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण का बजट 80 करोड़ का है। बजट का उपयोग प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। सीएम साय ने बताया कि प्रदेश में पाच प्राधिकरण अलग अलग जिलों में बनाए गए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान स्कूल शिक्षामंत्री गजेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दुर्ग विधायक ललित चंद्राकर मौजूद थे l