रायपुर। नवा रायपुर के माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर परियोजना का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में शामिल सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी में फिल्म सिटी के निर्माण का विषय उन्होंने पहले संसद में भी उठाया था, जो आज साकार होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एसएएससीआई योजना के तहत चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये और आदिवासी सांस्कृतिक सम्मेलन केंद्र के लिए 51.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह परियोजनाएं छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति और फिल्म उद्योग को नई दिशा और पहचान देंगी।
सांसद बृजमोहन ने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच मिलेगा और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा तथा आदिवासी विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री केदार कश्यप, विधायक अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकार और फिल्म प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।