रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, नवीन थाना भवनों और 8 नए साइबर थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण और सौभाग्यपूर्ण दिन बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त और गुणवत्तापूर्ण बनाए गए हैं। इन आधारभूत सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि पुलिस कर्मियों को बेहतर आवास और कार्यस्थल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। यह पहल न केवल शहरी क्षेत्रों बल्कि सुदूर अंचलों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगी।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में साइबर पुलिस थानों का विस्तार किया जा रहा है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया। इससे पहले प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने संचालित थे। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे।

गृह मंत्री ने बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी और आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने इन परियोजनाओं की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि लोकार्पित कार्यों में बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसर, थाना भवन, पुलिस चौकी, ट्रांजिट हॉस्टल, एसडीओपी कार्यालय और आवासीय भवन शामिल हैं।