रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसी वजह से इस तरह के आंदोलन कर रही है। विरोध करना ही कांग्रेस की राजनीति का मूल स्वभाव बन गया है।

नारायणपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धान खरीदी की अंतिम तिथि है और प्रदेशभर में खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व ही समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसानों का धान समय पर खरीदा जाए और टोकन वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन लगातार इस व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
जमीन की गाइडलाइन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गाइडलाइन में आवश्यक संशोधन किए गए हैं और इसके लिए सुझाव भी आमंत्रित किए गए थे। फिलहाल इस विषय पर कार्य प्रगति पर है।
वहीं निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड से इलाज नहीं किए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी बकाया राशि है, उसका भुगतान शीघ्र जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नारायणपुर में दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। उनके साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जिले में 361 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।