इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में शनिवार को कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हंगामा, नारेबाजी तथा धक्कामुक्की के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। जवानों ने हल्का बल प्रयोग कर कांग्रेस नेताओं को वाहनों में बिठाकर इलाके से दूर ले गए।
कांग्रेस की पांच सदस्यीय जांच समिति स्थानीय लोगों से मिलने पहुंची थी, जहां बीजेपी कार्यकर्ता सामने आ गए। बीजेपी ने ‘बाहरी लोग वापस जाओ’ के नारे लगाए तो कांग्रेस ने ‘घंटा पार्टी मुर्दाबाद’ का नारा दिया। काले झंडे दिखाए गए, चूड़ियां फेंकी गईं तथा पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की ओर चप्पल भी फेंकी गई।
मौके पर एडिशनल सीपी अमित सिंह तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक महेश परमार, प्रताप गरेवाल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को हिरासत में ले लिया गया।
दूसरी ओर, इंदौर में दूषित पानी पीने से मौतों की संख्या 16 पहुंच गई है। 65 वर्षीय हीरालाल की मौत 31 दिसंबर को हुई। भागीरथपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अनुसार हीरालाल शीतल नगर लक्ष्मी नगर में किसी से मिलने आए थे, जहां उनकी हालत बिगड़ गई। मौत कार्डियक अरेस्ट से बताई गई है।
भोपाल में समाजवादी पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय के बंगले के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने नेम प्लेट पर कालिख पोती तथा मंत्री का इस्तीफा मांगा।
वहीं, भोपाल से एम्स की टीम भागीरथपुरा पहुंची तथा लीकेज वाली जगह का निरीक्षण किया। टीम ने इंदौर नगर निगम को इसकी सूचना दी थी लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।