होली से पहले ‘चिट्टा’ गैंग का भंडाफोड़, लाखों की हेरोइन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई । होली पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा “नशे पर जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना वैशाली नगर एवं एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 8.640 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर टीम ने शिव मंदिर के पास, जवाहर नगर शादी भवन के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 8.640 ग्राम हेरोईन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,72,800/- आंकी गई है, बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 04 मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल एवं नगद बिक्री रकम भी जब्त की गई।
पूछताछ में मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा होने पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना वैशाली नगर में धारा 21(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
शेखर राव (18 वर्ष), निवासी सुभाष चौक कैंप-1, भिलाई
कुंदन उर्फ कुम्बज वर्मा (27 वर्ष), निवासी सुभाष चौक कोऑपरेटिव के पास, भिलाई
मोहम्मद सोहेल खान (28 वर्ष), निवासी संजय नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
हर्ष भट्टी, निवासी शांति नगर, भिलाई
जब्त सामग्री
8.640 ग्राम हेरोईन (चिट्टा)
04 मोबाइल फोन
एक पल्सर मोटरसाइकिल
नगद बिक्री रकम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस एवं ACCU टीम की संयुक्त एवं प्रभावी भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *