छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन: कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे, दो दिन शीतलहर की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों की राहत के बाद ठिठुरन बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिमोत्तर दिशा की सर्द हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में शीतलहर चलने का अनुमान जताया है। मकर संक्रांति के बाद धीरे-धीरे सूर्य की तपिश बढ़ने से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अंबिकापुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और बेमेतरा जिले में शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर चलने से इन जिलों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। राजधानी रायपुर में सुबह से धुंध छाई रहेगी। वहीं राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *