रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तैयार की गई नई कार्ययोजना साझा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय पिछले दो दिनों से राष्ट्रीय राजधानी के दौरे पर हैं। इससे पहले मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भेंट की थी। गृह मंत्री अमित शाह के साथ होने वाली आज की मुलाकात में विशेष रूप से नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर की वर्तमान स्थिति और वहां सुरक्षा व विकास के समन्वय पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अन्य कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे और छत्तीसगढ़ की लंबित विकास परियोजनाओं व राज्य के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दिल्ली में अपने महत्वपूर्ण मुलाकातों के दौर को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल सुबह वापस रायपुर लौटेंगे।