रायपुर: दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अपनी मुलाकात के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बैठक के दौरान उन्होंने बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में मिल रही सफलता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि चार दशकों के संघर्ष के बाद बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और वहां विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार किया गया एक विस्तृत और दूरदर्शी ब्लूप्रिंट भी सौंपा है। इस योजना में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और जनहितकारी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मानसून के बाद बस्तर प्रवास पर आने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति में क्षेत्र की कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण संपन्न किया जाए।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चुनाव प्रभारी नितिन नबीन से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने असम में होने वाले आगामी चुनावों पर चर्चा करते हुए विश्वास जताया कि वहां भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।