मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय टीम को दी जीत की बधाई, कहा- खिलाड़ियों ने बढ़ाया राष्ट्र का मान

रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम की पाकिस्तान के विरुद्ध ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता को करोड़ों भारतीयों के लिए गर्व और उल्लास का क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से पराजित कर राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने भारतीय टीम के जांबाज खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम ने बेहतरीन संयम, सटीक रणनीति और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए यह यादगार जीत दर्ज की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी महाशिवरात्रि पर इस महाविजय की शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दबदबा कायम रखते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री साय ने टीम के सभी सदस्यों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी मैचों के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *