रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कुनकुरी दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से रवाना होना था, लेकिन मौसम साफ न होने के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री ने हेलीपैड पर करीब एक घंटे चालीस मिनट तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया, लेकिन रूट क्लियर न होने के कारण अंततः दौरा स्थगित करना पड़ा।
हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है और पार्टी उम्मीदवारों की नामांकन रैलियों में उमड़ रहा जनसैलाब इसका प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है। पिछले 15 वर्षों में राज्य का विकास पूरी तरह थम गया है।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में बहन-बेटियां असुरक्षित हैं और युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को राज्य सरकार ने जानबूझकर लागू नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ममता सरकार ने कुशासन के मामले में लालू यादव के जंगलराज को भी पीछे छोड़ दिया है। पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है।