बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज प्रदेश के किसानों को होली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से राज्य के 25.28 लाख किसानों के बैंक खातों में कुल 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर बिलासपुर जिले के बिल्हा में एक राज्य स्तरीय वृहद किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे इस राशि वितरण समारोह का विधिवत शुभारंभ होगा। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा धान का मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल हो गया है। इस योजना के तहत मिलने वाली राशि से प्रदेश के लाखों किसान परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बिल्हा में सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य सरकार की इस पहल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।