मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा का किया शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी के कटोरा तालाब क्षेत्र में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बैंक परिसर में 24 घंटे संचालित होने वाली एटीएम सेवा का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रायपुर में इस बैंक की शाखा खुलने से प्रदेश की सहकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना हमें मिलजुलकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती है। सहकारी बैंक हमेशा से आम आदमी के भरोसेमंद साथी रहे हैं और इस नई शाखा के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस विस्तार से छोटे दुकानदारों, स्वरोजगार से जुड़े व्यक्तियों और अपना नया व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं को बड़ी सहायता मिलेगी। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकार से समृद्धि के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सहकारिता के इस मजबूत मॉडल को राज्य में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बैंक की विकास यात्रा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि टीजेएसबी बैंक की रायपुर शाखा लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगी। उन्होंने कहा कि बैंक का विस्तार सहकारिता की मूल भावना को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *