रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर, माना कैम्प में स्थित स्टेट हैंगर के नियमित परिचालन का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय पहली उड़ान के माध्यम से गुजरात के लिए रवाना हुए।

स्टेट हैंगर के शुरू होने से राज्य के वीवीआईपी विमान और हेलीकॉप्टर के आगमन एवं प्रस्थान की व्यवस्थाएं अब और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होंगी। इससे एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा भी समाप्त हो जाएगी।
स्टेट हैंगर का निर्माण वर्ष 2012 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। परिचालन के लिए आवश्यक डीजीसीए (DGCA) और बीसीएएस (BCAS) अनुमतियां 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुईं, जिसके बाद नियमित परिचालन आरंभ किया गया।
नवनिर्मित स्टेट हैंगर को टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट और भी सुगम होगा। अब राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान एवं हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए यह नया हैंगर इस्तेमाल किया जाएगा और एयरपोर्ट परिसर में किराए के हैंगर पर निर्भरता समाप्त होगी।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उप सचिव सूरज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह कदम राज्य के वीवीआईपी संचालन और एयरपोर्ट व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।