जशपुर के पूर्व भाजपा विधायक जागेश्वर राम भगत का निधन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक

जशपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और जशपुर के पूर्व विधायक जागेश्वर राम भगत का रविवार को निधन हो गया है। वे पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

जागेश्वर राम भगत न केवल राजनीति में सक्रिय थे, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की सरहुल समिति के अध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक कार्य किया और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वे भारतीय जनता पार्टी के एक निष्ठावान नेता के साथ-साथ वनवासी कल्याण आश्रम के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जागेश्वर राम भगत का संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। उनके निधन को छत्तीसगढ़ भाजपा और आदिवासी समाज के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *