धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के जवानों के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित वीर जवानों का जाना देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल जवान शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटें।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया गया है।