अफीम की खेती पर मुख्यमंत्री सख्त, सभी कलेक्टरों को 15 दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि राज्य के किसी भी हिस्से में अफीम की अवैध खेती न हो रही हो। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अगले 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और इस आशय का प्रमाण पत्र शासन को प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार को लेकर सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आयुक्त भू-अभिलेख की ओर से सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर दिया गया है। इस पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि जिले के संभावित क्षेत्रों का गहन सर्वे कर यह प्रमाणित करें कि वहां अफीम की खेती नहीं की जा रही है। शासन की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार की जड़ों को पूरी तरह से समाप्त करना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *