अम्बिकापुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी 2026 को शहर के पी.जी. कॉलेज स्थित हॉकी स्टेडियम मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में जिलेभर के 260 जोड़े एक-दूजे का हाथ थामकर परिणय सूत्र में बंधेंगे। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे और नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद देंगे।
सुबह 9 बजे से शुरू होंगे वैवाहिक रीति-रिवाज सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से शुरू हो जाएगा। इस मांगलिक अवसर पर पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज करेंगे। प्रशासन ने बड़े स्तर पर हो रहे इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कई जनप्रतिनिधि बनेंगे साक्षी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर शामिल होंगे। इनके साथ ही अम्बिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव और स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास समिति की सभापति राधा रवि भी उपस्थित रहकर नव-दंपत्तियों को शुभकामनाएं देंगे।