अनूपपुर के कोतमा में होटल ढहने की घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का किया ऐलान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनूपपुर जिले के कोतमा में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों और घायलों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि अनूपपुर के कोतमा में हुए हादसे के मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से 4-4 लाख रुपये, संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये और रेडक्रॉस की ओर से 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से 2-2 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

उल्लेखनीय है कि अनूपपुर जिले के कोतमा बस स्टैंड के समीप शनिवार को अग्रवाल लॉज की बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। इस मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इमारत के पास निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल प्रशासन ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *