राम माधव की नई पुस्तक पर रायपुर में परिचर्चा, मुख्यमंत्री साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद और छत्तीसगढ़ यंग थिंकर्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 3 अक्टूबर को सायं 4 बजे एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन संघ प्रचारक, चिंतक और लेखक राम माधव (पूर्व राष्ट्रीय महासचिव भाजपा) की नई पुस्तक ‘द न्यू वर्ल्ड: 21st सेंचुरी ग्लोबल ऑर्डर एंड इंडिया’ पर केंद्रित होगा।

कार्यक्रम का आयोजन सिविल लाइंस स्थित नवीन विश्राम भवन के कन्वेंशन हॉल में किया जाएगा। इसमें राम माधव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

परिचर्चा में भारत सरकार की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य अपूर्व मिश्र विशेष वक्ता होंगे।
छत्तीसगढ़ यंग थिंकर्स फाउंडेशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि राम माधव की पुस्तक में वर्तमान वैश्विक परिदृश्य की गहन समीक्षा प्रस्तुत की गई है। इसमें पश्चिमी लिबरल विश्व व्यवस्था की चुनौतियों, बहुध्रुवीय दुनिया की दिशा, चीन-अमेरिका संबंधों की जटिलताओं, वैश्विक संस्थाओं के कमजोर होने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी के प्रभाव, जनसंख्या और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विमर्श किया गया है।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को वैचारिक संवाद के माध्यम से प्रेरित करना और उनकी सामाजिक, राजनीतिक व नागरिक चेतना को समृद्ध करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *