धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिए यह गर्व का अवसर है कि भारतीय सेना की राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली 2026 का आयोजन इसी वर्ष धमतरी में किया जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) रायपुर के तत्वावधान में यह भर्ती रैली 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी में आयोजित की जाएगी।
इस राज्य स्तरीय भर्ती रैली में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों से कुल 8,999 पुरुष अग्निवीर अभ्यर्थी भाग लेंगे। रैली के आयोजन से धमतरी जिला प्रदेश के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती का प्रमुख केंद्र बन गया है।
जिले के युवा भर्ती की तैयारी में जुटे हुए हैं। रोजाना इंडोर स्टेडियम में निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं।
जिलावार भर्ती कार्यक्रम (10 से 19 जनवरी 2026)
सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 10 जनवरी से 19 जनवरी तक जिलावार कॉल-अप आधारित भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम निम्नानुसार है:
- 10 जनवरी: सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर एवं जीपीएम
- 11 जनवरी: बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
- 12 जनवरी: बालोद
- 13 जनवरी: बालोद, बस्तर, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं रायपुर
- 14 जनवरी: जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम
- 15 जनवरी: बिलासपुर एवं सक्ती
- 16 जनवरी: रायगढ़, कोरबा, बालोदाबाजार, महासमुंद एवं गरियाबंद
- 17 जनवरी: खैरागढ़ एवं दुर्ग
- 18 जनवरी: दंतेवाड़ा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव एवं मुंगेली
- 19 जनवरी: धमतरी एवं बेमेतरा
भर्ती प्रक्रिया
यह रैली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। सेना द्वारा 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित सीईई में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में भाग लेंगे। योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं तथा ई-मेल के माध्यम से भी भेजे गए हैं।
आवश्यक दस्तावेज
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में अंकित तिथि एवं समय पर इंडोर स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर रिपोर्ट करना अनिवार्य है। साथ लाने वाले प्रमुख दस्तावेज निम्न हैं:
- रैली एडमिट कार्ड
- 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं स्नातक की अंकसूचियां
- स्थानीय निवास एवं जाति प्रमाण पत्र
- शपथ पत्र
- एनसीसी/खेल/आईटीआई/ड्राइविंग लाइसेंस (यदि लागू हो)
- रिलेशनशिप सर्टिफिकेट
- आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर
परिवहन सुविधा
राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए निश्चित किराया दरें निर्धारित की गई हैं:
- बस स्टैंड से इंडोर स्टेडियम, आमातालाब: 20 रुपये प्रति सवारी
- घड़ी चौक से इंडोर स्टेडियम: 20 रुपये प्रति सवारी
- अंबेडकर चौक से इंडोर स्टेडियम: 10 रुपये प्रति सवारी
जिला परिवहन अधिकारी मुजाहिद खान ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यवस्थाएं एवं अपील
जिला प्रशासन द्वारा भर्ती रैली के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सुनिश्चित की गई हैं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल या मध्यस्थ से सावधान रहें, क्योंकि भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित है।
धमतरी में राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन न केवल जिले की प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के राष्ट्रसेवा के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।