छत्तीसगढ़ के युवा अधिवक्ता अर्जुन अमित श्रीवास्तव को एक बार फिर संगठन में अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय युवा कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति संगठन में युवाओं की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इससे पूर्व अर्जुन अमित श्रीवास्तव भारतीय युवा कांग्रेस में बिहार के सह-प्रभारी और मध्य प्रदेश के प्रभारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल
अर्जुन अमित श्रीवास्तव देश के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल हैं। उनकी नियुक्ति से युवा कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपेक्षा जताई जा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की घोषणा
इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान चिब द्वारा की गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अर्जुन अमित श्रीवास्तव को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
