वाहन किराये के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 10 वाहन जब्त — दो आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता दुर्ग । थाना मोहन नगर पुलिस ने वाहन किराये के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके द्वारा गिरवी रखे गए कुल 10 वाहनों (9 चारपहिया एवं 1 मोटरसाइकिल) को बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रार्थी आकुब खान की शिकायत पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(5), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपी “माँ लक्ष्मी टूर एण्ड ट्रेवल्स” के नाम से वाहन किराये पर लेते थे। इसके बाद वे वाहन मालिकों को किराया नहीं चुकाते थे और उन वाहनों को अन्य लोगों के पास गिरवी रखकर आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। इस सुनियोजित तरीके से आरोपियों ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया।
गिरफ्तार आरोपी
अमित कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी चारभाटा, थाना बागनदी, जिला राजनांदगांव
वरुण सलामे (25 वर्ष), निवासी बुधवारीपारा, डोंगरगढ़
जब्त किए गए वाहन
पुलिस ने आरोपियों से महिंद्रा स्कॉर्पियो, थार, सुजुकी अर्टिगा, टाटा पंच, स्विफ्ट, वरना, बलेनो सहित कुल 10 वाहन जब्त किए हैं, जिनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है।


अपराध का कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से छलपूर्वक वाहन किराये पर लेकर भुगतान नहीं करते थे और उन्हें गिरवी रख देते थे।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
थाना मोहन नगर पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से इस गिरोह का खुलासा संभव हो पाया। पुलिस की इस कार्रवाई से कई वाहन मालिकों को राहत मिली है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था का भली-भांति सत्यापन करें और बिना वैध दस्तावेज के वाहन न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *