भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25वें वर्ष रजत जयंती के अवसर पर विद्युत विभाग द्वारा स्थानीय सामुदायिक भवन में ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही उत्कृष्ट उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष सुनाराम तेता ने अपने संबोधन में कहा कि इन 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज प्रदेश न केवल बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर है, बल्कि दूसरे राज्यों को भी बिजली आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि अन्य राज्यों की तुलना में यहाँ बिजली की दरें कम हैं, जिसका सीधा लाभ कृषि, लघु उद्योगों और व्यवसाय जगत को मिल रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) एस.के. ठाकुर ने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों और वर्तमान में संचालित योजनाओं पर प्रकाश डाला। बीपीएल कनेक्शन पात्र उपभोक्ताओं को 120 वॉट तक मुफ्त कनेक्शन और प्रतिमाह 30 यूनिट तक की छूट। कृषक जीवन ज्योति योजना 3 हॉर्स पावर तक के पंपों पर 6,000 यूनिट और 5 हॉर्स पावर तक के पंपों पर 7,500 यूनिट सालाना निशुल्क बिजली। नवीकरणीय ऊर्जा पीएम सूर्य घर योजना और पीएम कुसुम योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई।
ईमानदार उपभोक्ताओं का सम्मान
समय पर बिजली बिल का भुगतान करने वाले और शासन की योजनाओं का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शामिल थे।।बीपीएल श्रेणी 03 उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन 19 उपभोक्ता कृषि पंप 09 कृषक व्यावसायिक श्रेणी 09 व्यवसाई पीएम सूर्य घर योजना के हितग्राही भी सम्मानित हुए।
कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन रूपेश सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक अभियंता उत्तम यदु द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य गिरजा साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष गजानंद डड़सेना, कनिष्ठ अभियंता (JE) सी.एस. उसेंडी, एंटोनी कुंजुर, तामेश्वरी मरसकोले, रजनी बारले, जितेंद्र बेंजामिन और सौरभ नशीने सहित विभागीय कर्मचारी व नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।