रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन को लेकर अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इससे राज्य की जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।

सीएम साय ने बताया कि इन खेलों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित सात प्रमुख खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि दो खेल डेमो के रूप में आयोजित किए जाएंगे। सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल व तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स स्पर्धाएं होंगी। उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में प्रस्तावित है।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।