बारामती विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, छत्तीसगढ़ के नेताओं ने जताया शोक

रायपुर। देश की राजनीति में बुधवार को दुखद घटना सामने आई, जब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया। हादसे में विमान में सवार अन्य लोगों की भी मौत हुई है। इस घटना से पूरे देश में शोक की लहर है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार सहित अन्य लोगों का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अजित पवार का जीवन किसान कल्याण, जनसेवा और विकास को समर्पित रहा और उनका असमय जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे देश की राजनीति के लिए बड़ा नुकसान बताते हुए कहा कि अजित पवार एक कर्मठ और अनुभवी जननेता थे, जिनका अचानक जाना सभी को झकझोर देने वाला है।

मंत्री ओपी चौधरी ने भी शोक जताते हुए कहा कि अजित पवार का लंबा और समृद्ध राजनीतिक जीवन रहा। उनकी असामयिक मृत्यु बेहद दुखद है और ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।

नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि विमान हादसे में अजित पवार सहित सभी यात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे हृदयविदारक बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

जानकारी के अनुसार अजित पवार सुबह मुंबई से अपने निजी आठ सीटर चार्टर्ड विमान से बारामती के लिए रवाना हुए थे। लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद शवों को अस्पताल भेजा गया है।

विमान हादसे ने देश की राजनीति को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *