रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025 में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच मंडल द्वारा कुल 4689 संपत्तियों का विक्रय किया गया, जिनका कुल मूल्य 1022 करोड़ रुपये से अधिक है। यह मंडल के गठन के बाद का सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन तथा मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में किफायती, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए योजनाबद्ध कार्यों का यह परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सरकार की जनहितैषी नीतियों एवं नागरिकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया। उन्होंने मंत्री ओ.पी. चौधरी, अध्यक्ष अनुराग सिंह देव तथा मंडल के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि एक वर्ष में 1022 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय राज्य के आवास क्षेत्र में ऐतिहासिक है। यह मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच, स्पष्ट आवास नीति तथा हाउसिंग बोर्ड की टीम की प्रतिबद्धता का परिणाम है। शासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को किफायती एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
मंडल द्वारा प्रारंभ से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग को प्राथमिकता दी जाती रही है। अब तक निर्मित आवासों में लगभग 70 प्रतिशत इसी वर्ग के लिए हैं। विगत पांच वर्षों में औसतन 1387 संपत्तियों का वार्षिक विक्रय एवं 262 करोड़ रुपये का मूल्य रहा, जबकि 2025 में यह क्रमशः 4689 संपत्तियां एवं 1022 करोड़ रुपये तक पहुंचा। यह कार्यप्रणाली में सुधार, नीतिगत सरलीकरण एवं नागरिक विश्वास को दर्शाता है।
एक वर्ष में लागू ओटीएस-2 योजना के तहत 30 प्रतिशत तक छूट से 1452 संपत्तियों का विक्रय हुआ, जिनका मूल्य 220.16 करोड़ रुपये रहा। इससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग को सीधा लाभ मिला।
मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर 23 से 26 नवंबर 2025 तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 भी सफल रहा। मेले में 26 जिलों में 2080 करोड़ रुपये की 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ हुआ तथा 305 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय दर्ज किया गया।
मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इस सफलता को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, मंत्री के नेतृत्व एवं टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मंडल पारदर्शिता एवं जनहित को केंद्र में रखकर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी आवासहीनों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।