छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात: एनएमसी ने एमडी-एमएस की 61 नई सीटों को दी मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में एमडी-एमएस (स्नातकोत्तर) की 61 नई सीटों की स्वीकृति दी है।

आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि नई स्वीकृति के बाद अब राज्य में कुल 377 शासकीय पीजी सीटें हो गई हैं, जबकि पहले यह संख्या 316 थी। इसके अलावा निजी महाविद्यालयों में 186 सीटें उपलब्ध हैं।

नई स्वीकृत सीटों का वितरण इस प्रकार है:

  • छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर – 21 सीटें
  • भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव – 7 सीटें
  • स्व. बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर – 8 सीटें
  • स्व. लखी राम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ – 12 सीटें
  • स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा – 13 सीटें

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह राज्य के चिकित्सा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। नई सीटों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को नई गति मिलेगी और सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *