रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित कोयला घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने राज्य में कोयला शुल्क की अवैध वसूली से जुड़े मामले में सौम्या चौरसिया, निखिल चंद्रकार समेत अन्य आरोपियों की कुल 2.66 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है।


ईडी द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 8 अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है, जिनमें जमीन और आवासीय फ्लैट शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक ये संपत्तियां कोयला लेवी की अवैध वसूली से अर्जित धन से खरीदी गई थीं।
प्रवर्तन निदेशालय लंबे समय से इस मामले की जांच कर रहा है और मनी लॉन्ड्रिंग के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ईडी का कहना है कि अवैध कोयला शुल्क वसूली के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई, जिससे राज्य को भारी राजस्व नुकसान हुआ।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे तथा कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।