केबिनेट मंत्री व बैकुंठपुर विधायक रहे उपस्थित
कोरिया, 18 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के वरिष्ठ गणमान्य नागरिक कृष्ण बिहारी जायसवाल के ओड़गी स्थित निवास पहुंचे और उनके पितृशोक में शामिल होकर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय मुकुट बिहारी जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने 90 वर्षों की लंबी जीवन यात्रा में एक आदर्श शिक्षक के रूप में विद्यालय और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे गणित विषय के लोकप्रिय शिक्षक के रूप में पूरे अंचल में प्रसिद्ध रहे। बैकुंठपुर के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे शिक्षा और संस्कारों के क्षेत्र में सक्रिय रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. मुकुट बिहारी जायसवाल सिद्धांतवादी व्यक्तित्व के धनी थे। गायत्री परिवार से जुड़े होने के कारण वे जीवनभर सात्विक जीवन शैली और उच्च नैतिक मूल्यों के समर्थक रहे। उन्होंने कहा कि उनके बताए सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
स्व. मुकुट बिहारी जायसवाल के परिवार में दो पुत्र कृष्ण बिहारी जायसवाल, विपिन जायसवाल और एक पुत्री चम्पा देवी जायसवाल हैं। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल, बैकुंठपुर विधायक भइया लाल राजवाड़े एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।