छत्तीसगढ़ का आम बजट कल विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस बजट को लेकर प्रदेश के व्यापारी वर्ग में काफी उत्साह और उम्मीदें देखी जा रही हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से इस बार नई तकनीक को बढ़ावा देने और व्यापारिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।
नया रायपुर में एआई लैब की मांग
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि राज्य में व्यापार को गति देने के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने सरकार से नया रायपुर में एआई लैब स्थापित करने की मांग की है। उनका मानना है कि इससे प्रदेश के युवाओं और स्टार्टअप्स को तकनीकी रूप से सक्षम होने के लिए एक नई दिशा मिलेगी।
सरल हो व्यापारिक प्रक्रिया
अजय भसीन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में छत्तीसगढ़ को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना समय की मांग है। उन्होंने सुझाव दिया कि बजट में लाइसेंस और कर व्यवस्था को आसान बनाने के साथ-साथ व्यापारिक प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया जाना चाहिए, ताकि छोटे व्यापारियों को काम करने में राहत मिल सके।
महिला उद्यमियों को मिले बाजार और सहयोग
महिला उद्यमियों ने भी इस बजट से बड़ी उम्मीदें लगाई हैं। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला इकाई) की प्रदेश अध्यक्ष सुमन कन्नौजे ने कहा कि बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रावधान होने चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार महिला स्व-सहायता समूहों और लघु उद्योगों को कच्चा माल उपलब्ध कराने के साथ-साथ तैयार उत्पादों के विपणन और परिवहन की भी व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने जोर दिया कि यदि महिलाओं को उत्पादन से लेकर बाजार तक सहयोग मिलेगा, तो वे आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
