छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में परीक्षा सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था लागू की


रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के बाद 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा उपाय किए हैं। मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए ‘वन टाइम लॉक सिस्टम’ लागू किया जा रहा है तथा गोपनीय सामग्री को जीपीएस लॉक युक्त विशेष कंटेनरों के माध्यम से भेजा जाएगा।

माशिमं द्वारा की गई प्रमुख व्यवस्थाओं में प्रश्नपत्र पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम, गोपनीय सामग्री वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग अनिवार्य, समन्वय केंद्र पहुंचने पर वीडियो कॉल के माध्यम से लॉक की पुष्टि, स्ट्रांग रूम को वन टाइम लॉक से सील करना और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी शामिल है। केंद्राध्यक्ष द्वारा सामग्री बाहर ले जाने के समय जिला शिक्षा अधिकारी लॉक की जांच करेंगे, तथा परीक्षा समाप्ति के बाद सभी उपयोग किए गए लॉक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किए जाएंगे। यह व्यवस्था आगामी सभी परीक्षाओं में भी लागू रहेगी।

गौरतलब है कि 14 मार्च 2026 को आयोजित 12वीं हिंदी की परीक्षा का प्रश्नपत्र 13 मार्च की रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। एनएसयूआई ने भी पेपर लीक का आरोप लगाया था, जिसके बाद माशिमं ने एफआईआर दर्ज कराई और परीक्षा रद्द कर दी। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *