तंत्र-मंत्र से धन दोगुना नहीं, सौ गुना करने का झांसा: जमीन कारोबारी से लाखों की ठगी, भागने से पहले पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दो शातिर ठगों ने तंत्र-मंत्र के जरिए पैसे सौ गुना करने का दावा कर एक जमीन कारोबारी से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को शहर से फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

गुढ़ियारी के साहू पारा निवासी जमीन कारोबारी रुस्तम कुर्रे ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपियों ने पूजा-पाठ और विशेष तंत्र-क्रिया के नाम पर उसे विश्वास में लिया। ठग असली नोट लेकर आए और बदले में नकली ‘चिल्ड्रन बैंक’ नोटों से भरा थैला थमाकर मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने राहुल भारती और उसके साथी, खुद को तांत्रिक बताने वाले मयंक दास के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, इससे पहले कि वे शहर छोड़कर भाग पाते।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े ठगी गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जिसने इससे पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *