छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, रायपुर समेत कई हिस्सों में बारिश से मिली राहत

रायपुर। भीषण गर्मी के दौर के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीती रात राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से आंशिक राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है। हालांकि, अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहने के बाद आगामी दो दिनों में पारे में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा के आंकड़ों पर गौर करें तो नांगुर में 3 सेमी और जगदलपुर में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्र में सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी एक सिस्टम बना हुआ है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी आ रही है और मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।

अगले 24 घंटों के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *