छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: राजधानी समेत कई जिलों में अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच सोमवार देर रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया था। हालांकि, अब बदले हुए मौसम के कारण अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने 17 मार्च को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम 18.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है।

आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहले ही सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर संभाग के जिलों सहित राजनांदगांव, कबीरधाम और सुकमा जैसे क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *