छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: रायपुर में दिन का पारा चढ़ा, अंबिकापुर में रातें अब भी सर्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से मौसम के स्वरूप में बदलाव आना शुरू हो गया है। प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान रात की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है। बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और पेंड्रा जैसे प्रमुख शहरों में दिन का पारा सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। फिलहाल प्रदेश में वर्षा की कोई गतिविधि दर्ज नहीं की गई है और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 फरवरी से न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।

राजधानी रायपुर के लिए पूर्वानुमान है कि गुरुवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *