रायपुर। रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बाद सोमवार से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर अफगानिस्तान और उसके आसपास चक्रीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है, जो 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके साथ ही मध्य पाकिस्तान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक प्रेरित चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। उन्होंने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी और दूसरा 5 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
प्रदेश में 1 फरवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 2 फरवरी से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की भी संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।