रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने लगी है और अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं के प्रवेश के कारण यह स्थिति बन रही है।
मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसे मौसम में मलेरिया फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। यह खतरा 11 नवंबर तक बना रह सकता है।
रायपुर में पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान प्रदेश में सबसे अधिक रहा है, लेकिन शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि ऑफिस जाने वाले और स्कूली बच्चे गर्म कपड़े साथ रखें ताकि अचानक तापमान गिरने का असर स्वास्थ्य पर न पड़े।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।